Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Sunday, April 20

बिना हेलमेट बाइक चला रहा युवक भागा तो गोली मारी:पीछा कर गोली मारने वाला ASI गिरफ्तार, पूरी चेकिंग टीम सस्पेंड

अभिनव न्यूज
जहानाबाद।
जहानाबाद में बिना हेलमेट बाइक चला रहा युवक (23) पुलिस चेकिंग देखकर भागा तो ASI ने उसका पीछा किया और गोली मार दी। घटना मंगलवार की है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

गोली मारने वाले ASI मुमताज अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके ऊपर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया है।

SP दीपक रंजन ने चेकिंग कर रही पूरी टीम को सस्पेंड कर दिया है। इस टीम में ओपी अध्यक्ष, ASI भीम कुमार, सिपाही विनय कुमार और सिपाही कुमार महेश शामिल हैं।

गांव के पास चेकिंग चल रही थी, युवक पुलिस देखते ही भागने लगा

युवक का नाम सुधीर है। वह नालंदा जिले के कोरथु गांव का रहने वाला है। पिता रवींद्र यादव ने बताया कि वह BA-पार्ट टू का छात्र है और पिछले साल ही उसकी शादी हुई थी। वो इकलौता बेटा है। उसकी तीन बहन हैं। गोली मारने वाले ASI का नाम मुमताज अहमद है। हालांकि पिता ने पहले गोली मारने का आरोप थानेदार चंद्रहास कुमार पर लगाया था।

पिता ने कहा- चंद्रहास कुमार अनंतपुर गांव के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच उनका सुधीर वहां से बाइक लेकर गुजरा। हेलमेट और ड्राइविंग लाइसेंस नहीं रहने के कारण वह पुलिस को देखते ही भागने लगा। सुधीर को भागते देख पुलिस ने उसका पीछा किया और जब वह नहीं रुका तो पुलिस ने गोली मार दी। गोली सीने में लगी और चीरते हुए रीढ़ की हड्‌डी में फंस गई।

2 KM दूर तक बाइक चलाकर गया

गोली लगने के बाद सुधीर भी नहीं रुका। वह बाइक चलाकर करीब 2 किलोमीटर दूर तक चला गया। अपने गांव के पास गिर गया। लोगों ने देखा तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टर रजनीश के मुताबिक, उसकी हालत गंभीर है। गोली निकाल दी गई है। युवक के लिए 72 घंटे क्रिटिकल हैं।

इधर, जहानाबाद SP दीपक रंजन ने बताया कि इस मामले में जांच के लिए टीम बनाई गई है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Click to listen highlighted text!