Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Thursday, September 19

नहर में मिला महिला और युवक का शव, एक दिन पहले घर से हुए थे गायब

अभिनव न्यूज, नेटवर्क। हनुमानगढ़ जिले के संगरिया शहर के समीप से गुजर रही भाखड़ा सिंचाई प्रणाली की सार्दुल ब्रांच नहर में डूबने से एक महिला व युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तलाश में जुटी पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों के शव नहर से बरामद किए हैं। दोनों के हाथ रस्सी से बंधे हुए मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा हैं। महिला और युवक शुक्रवार से घर से गायब थे। पुलिस ने शवों को संगरिया के गवर्नमेंट की मॉर्च्युरी में रखवाया है। जहां पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

मृतकों की पहचान वार्ड एक निवासी शरीफा (40) पत्नी रजाक और दौलतपुरा गांव निवासी विनोद कुमार (23) पुत्र कृष्ण कुमार नायक के रूप में हुई है। ये दोनों शुक्रवार से अपने घर से गायब थे। पुलिस के अनुसार दोनों के गायब होने की रिपोर्ट परिजनों ने थाने में दी थी। रिपोर्ट मिलने पर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। इस बीच सूचना मिली कि सार्दुल ब्रांच के भगतपुरा पुल से थोड़ा आगे नहर किनारे कुछ सामान पड़ा है। पुलिस ने मौके पर जाकर पड़ताल की तो नहर किनारे चप्पल, चुन्नी, मोबाइल व डोलू पड़े मिले। पुलिस ने गायब महिला के परिजनों को मौके पर बुलाकर सामान दिखाया तो चुन्नी महिला शरीफा की निकली। इस पर परिजनों ने गोताखोर व समाजसेवी संस्था के कार्यकर्ताओं के सहयोग से नहर में तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद दोनों के शव घटना स्थल से थोड़ी ही दूरी पर मिल गए। दोनों शवों को नहर से बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार महिला व युवक के हाथ रस्सी से बंधे थे।

Click to listen highlighted text!