Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Friday, September 20

ठग ने मोबाइल पर लिंक भेजकर निकाल डाले खाते से 99 हजार रुपये करीब,बैंक का एप खोलते ही निकले रुपए

अभिनव न्यूज
श्रीगंगानगर।
इंडियन पोस्ट के जरिए ऑनलाइन सामान मंगवाने के दौरान शहर से सटे गांव लालगढ़ जाटान की एक महिला से ठगी की वारदात हो गई। महिला को इंडियन पोस्ट के जरिए कुछ जरूरी सामान मंगवाना था। इसके लिए उसने मोबाइल पर नंबर सर्च किए। इस दौरान उसे जो नंबर मिला वह ठग गिरोह से जुड़े लोगों का था।

उन्होंने महिला से संपर्क साधा और उसके खाते से 99 हजार 999 रुपए निकाल लिए। पीडि़त को उसके मोबाइल पर मैसेज आने पर वारदात का पता लगा। इस पर उसने साइबर थाने में मामला दर्ज करवाया। लालगढ़ जाटान की महिला नम्रता को इंडियन पोस्ट से कुछ सामान मंगवाना था। उसने सोशल मीडिया पर इंडियन पोस्ट सर्च किया तो उसका संपर्क इंडियन पोस्ट से मिलते जुलते किसी फेक नंबर से हो गया।

महिला ने इस नंबर पर संपर्क किया तो कुछ देर बाद उसे कॉल आया। कॉल करने वाले ने उसे एक लिंक भेजा। उसने इस लिंक के जरिए पेमेंट करने के लिए कहा। पीडि़ता ने उस समय लिंक खोला लेकिन पेमेंट नहीं किया। अगले दिन महिला के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने जयपुर साइबर क्राइम पुलिस से बोलने की बात करते हुए कहा कि उनके खाते से रुपए कट रहे हैं।

जानकारी मिलते ही महिला घबरा गई और उसने अपने बैंक से जुड़ा एक एप अपने मोबाइल पर खोल लिया। यह एप मोबाइल पर खोलते ही महिला के खाते से 99 हजार 999 रुपए निकल गए। इस पर महिला ने साइबर थाने में मामला दर्ज करवाया।

Click to listen highlighted text!