Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Friday, September 20

पायलट को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया:बोले-ये केंद्र की तानाशाही; राजस्थान के 2 MLA को भी थाने ले गई पुलिस

राहुल गांधी से ईडी पूछताछ के विरोध में कांग्रेस नेताओं का दिल्ली में विरोध लगातार जारी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। किसी नेता को मुख्यालय के अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है।

सचिन पायलट को समर्थक विधायकों और नेताओं के साथ दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पायलट को समर्थकों के साथ नरेला थाने ले जाया गया है। ये सभी एआईसीसी दफ्तर जा रहे थे। मुख्यालय के बाहर तैनात पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान उनके समर्थक विधायक मुकेश भाकर और वेदप्रकाश सोलंकी पुलिस से भिड़ गए।

पुलिस से झड़प के बाद पायलट के साथ विधायक मुकेश भाकर, वेदप्रकाश सोलंकी, विप्र कल्याण बोर्ड अध्यक्ष महेश शर्मा, युवचा नेता अभिमन्यु पूनिया, अनिल चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।

पायलट बोले- तानाशाही पर उतर आई है केंद्र सरकार
सचिन पायलट ने कहा- हम अपने पार्टी दफ्तर जाना चाह रहे थे, हमें पार्टी मुख्यालय जाने से पहले ही डिटेन कर लिया। क्या हम अपने पार्टी मुख्यालय ही नहीं जा सकते, यह लोकतंत्र में गलत है। य​ह निंदनीय है। हम अपना संघर्ष जारी रखेंगे। केंद्र सरकार तानाशाही पर उतर आई है, कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है।

तीन दिन से कांग्रेस का विरोध जारी, कल राजभवन का घेराव करेंगे कांग्रेस नेता

राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ पर कांग्रेस का विरोध जारी है। पिछले तीन दिन से दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय से लेकर ईडी दफ्तर तक भारी पुलिस तैनात है। तीन दिन से दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है।

कल से कांग्रेस मुख्यालय में भी नेताओं-कार्यकर्ताओं के नहीं जाने दिया जा रहा है। राहलु गांधी से ईडी पूछताछ और एआईसीसी मुख्यालयों में पुलिस बल प्रयोग के खिलाफ कल कांग्रेस ने सभी राज्यों की राजधानियों में राजभवनों के घेराव का फैसला किया है। जयपुर में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सिविल लाइंस फाटक पर प्रदर्शन और सभा करेंगे। 17 जून को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन होंगे।

Click to listen highlighted text!