अभिनव न्यूज
बीकानेर। नगर निगम के मुख्य कार्यालय में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को उनके मूल पद पर भेजने के बाद अब सहायक कर्मचारियों के अनुभागों को बदला गया है। निगम आयुक्त ने एक आदेश जारी कर पदस्थापित 54 सहायक कर्मचारियों के अनुभागों को बदला है।
यह सहायक कर्मचारी पिछले काफी समय से एक ही अनुभाग में पदस्थापित थे। निगम में सफाई कर्मचारियों को उनके मूल पदों पर भेजने के बाद सहायक कर्मचारियों के अनुभागों को बदलने की संभावना व्यक्त की जा रही थी। इसी के तहत आयुक्त ने आदेश जारी कर सहायक कर्मचारियों का अनुभाग बदला है।
वहीं एक अन्य आदेश और जारी कर बीछवाल और मुरलीधर फायर स्टेशन में कार्यरत एक-एक सफाई कर्मचारी को वार्डों में भेजा गया है। निगम की ओर से मुख्य कार्यालय सहित अग्निशमन केंद्र से कुल 33 सफाई कर्मचारियों को सफाई कार्य पर भेजा जा चुका है। निगम में मंत्रालयिक कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। कई अनुभागों में सहायक कर्मचारी ही बाबू का कार्य देख रहे हैं। अनुभाग बदलने से नए कार्य को समझने और करने में परेशानी हो सकती है। आमजन से जुड़े कार्य प्रभावित हो सकते हैं।