Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Friday, September 20

जुलाई में ही आएगा मानसून 27-28 को बारिश की आस

प्रदेश के करीब मानसून के आने से अब बढ़ने लगी उमस

अभिनव न्यूज, बीकानेर। अरब सागर की ओर से मानसून आगे बढ़ रहा है। 15 जून तक झारखंड और बिहार को कवर करते हुए पूर्वी उत्तरप्रदेश को आगोश में ले रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठे मानसून ने पूर्वोत्तर को तो पहले ही कवर लिया था पर चार दिन से ठहर सा गया। यही वजह है कि उड़ीसा, झारखंड जैसे राज्य इंतजार कर रहे हैं। राजस्थान में सर्वाधिक बारिश दक्षिणी-पश्चिमी मानसूनी हवाओं से होती है। दूसरा बंगाल की खाड़ी का मानसून यहां बारिश ज्यादा कराता है। अरब सागर और भूमध्य सागर से आने वाली हवाएं भी कभी अच्छी बारिश करा जाती हैं लेकिन 30 जून तक अभी मानसून बीकानेर तक पहुंचने की उम्मीद नहीं है।

बावजूद इसके आसमान के मिजाज में तब्दीली आने लगी है। बादल और ऊपरी परत में धुंध सी छाने के कारण अब तपिश के साथ उमस भी होने लगी है। अब तापमान भले ही 44 डिग्री के पार ना जाए पर अब पसीना ज्यादा बहता है। धूप में हो या छांव में। अब पसीना ज्यादा निकलने लगा है। पसीना आने का संकेत साफ है कि अब आर्द्रता बढ़ने लगी। यही वजह है कि तपिश के साथ बढ़ी आर्द्रता के कारण गर्मी में घुटन सी महसूस हो रही है। नौतपा में जब पारा 48 डिग्री तक था तब छांव में या कूलर में राहत मिल जाती थी पर अब 43 डिग्री होने के बाद भी कूलर से राहत नहीं मिल रही। दिन में उमस और हवा के कारण अधिकतम तापमान कम होने लगा लेकिन हवाएं रात की गर्मी कम नहीं कर पा रही। इसी वजह से दिन और रात के तापमान में अंतर कम होने लगा। कुछ समय पहले तक ये अंतर 18 डिग्री तक था जो अब 10 डिग्री का रह गया। बीती रात का 31.2 डिग्री रिकार्ड किया गया।

Click to listen highlighted text!