Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Friday, September 20

राजस्थान में पागल कुत्ते ने 35 लोगों को काटा:जिसे देखा, उसी को नोचा…

अभिनव न्यूज।
बाड़मेर:
एक कुत्ते ने बाड़मेर शहर में 3 घंटे तक उत्पात मचाया। रास्ते में जिसे देखता उसे काटता गया। महज तीन घंटे में उसने 35 लोगों को अपना शिकार बना लिया। इधर, जैसे ही इमरजेंसी में घायलों की भीड़ बढ़ने लगी हॉस्पिटल अलर्ट हो गया। नगर परिषद को सूचना दी तो पकड़ने के लिए टीम बनाई गई।

करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद हॉस्पिटल के एक वार्ड से कुत्ते को पकड़ा। बताया जा रहा है कि कुत्ता पागल हो गया था और जो भी उसे सामने दिखता वह हमला करता गया। घटना गुरुवार शाम 6 बजे की है। नगर परिषद की टीम ने बताया कि कुत्ते को पकड़ने के बाद उसकी मौत हो गई।

शाम 6 बजे से काटना शुरू किया, डर के मारे लोग घरों में घुसे

पागल कुत्ते ने सबसे पहले माणक हॉस्पिटल के आस-पास तीन से चार लोगों को अपना शिकार बनाया। यहां से लोगों ने डंडे मार भगया तो वह दूसरी कॉलोनी में चला गया। करीब 3 घंटे तक वैद्य राज की गली, गर्ल्स स्कूल रोड, हाई स्कूल रोड़, सेवा सदन के पास, कल्याणपुरा, हॉस्पिटल परिसर, रॉय कॉलोनी, सिंधी धर्मशाला, एमबीसी गर्ल्स कॉलेज समेत आस-पास के इलाकों में एक के बाद एक लोगों को काटता गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि जो भी बाइक पर निकलता उस पर भी वह हमला करता गया। करीब 10 मोहल्ले के लोगों को कुत्ते ने अपने हमले का शिकार बनाया।

ये सारे कॉलोनी करीब आधा किलोमीटर एरिया में है। शाम के समय बच्चे भी घर के बाहर खेल रहे थे। इधर, जैसे ही पागल कुत्ते के लोगों को काटने की सूचना मिली तो सभी ने अपने आप को घरों में कैद कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर परिषद की ओर से 10 से 15 लोगों की टीम बनाई और कुत्ते की तलाशी की गई।

हॉस्पिटल इमरजेंसी में लगी मरीजों की भीड़

अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में कुत्ते का शिकार हुए मरीजों व परिजनों की भीड़ जमा हो गई। लोग दर्द से कतराते हुए इमरजेंसी पहुंचने लगे। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पीएमओ बीएल मंसूरिया हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी में रखी टीटी व रेबीज डोज पूरी होने पर रेबीज इंजेक्शन के लिए स्टोर रूम तक खुलवाना पड़ा।

हॉस्पिटल पहुंचे कल्याणपुरा निवासी दिनेश सिंह, गोपी, विजय आचार्य ने बताया कि कुत्ता एक के बाद एक कई लोगों पर हमला करता रहा। कसाइयों का वास निवासी फतेहसिंह ने बताया कि वह अपनी बाइक पर हाई स्कूल रोड से बाजार की ओर जा रहा था। इस बीच अचानक पागल कुत्ता सामने आ गया और पैर पर काट लिया। लोगों की ओर से कुत्ते को भगाने का प्रयास किया गया। इस बीच दो और लोग कुत्ते का शिकार हुए। इसके बाद हॉस्पिटल पहुंचाया गया। कुत्ते के इस हमले में दो महिला और दो बुजुर्ग समेत 31 युवक है। हालांकि सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्‌टी दे दी गई थी।

शहर से घूमता हुआ डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल पहुंचा पागल कुत्ता

समाजसेवी रमेशसिंह इंदा ने बताया कि शहर में पागल कुत्ते के घूमने की सूचना के बाद हम टीम बनाकर उसे ढूंढ़ने के लिए निकले। शहर के कल्यापुरा, हाई स्कूल रोड, लक्ष्मीपुरा, सेवा सदन तक पीछा किया गया। इसके बाद कुत्ता डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल के मेल सर्जिकल वार्ड में घुस गया। मेल सर्जिकल वार्ड में अस्पताल स्टाफ पीथाराम, मोटाराम की मदद से उसे पकड़कर बांध दिया। दूसरी ओर सूचना पर नगर परिषद टीम पागल कुत्ते को कल्याणपुरा इलाके में ढूंढ़ती रही। कुछ देर बाद नगर परिषद की टीम भी मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि हॉस्पिटल से पकड़ने के बाद जब उसे वेटरनरी हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था तो इस दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

Click to listen highlighted text!