Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Sunday, April 20

सरकारी महिला डॉक्टर का फंदे से लटका शव मिला

अभिनव न्यूज
कोटा/बीकानेर।
कोटा में एक महिला सरकारी डॉक्टर की घर में लाश मिली है। डॉक्टर का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। घर के गेट खुले हुए थे। डॉक्टर ने आधे घंटे पहले ही महिला किराएदार के लिए बीकानेर की बस टिकट बुक करवाई थी। महिला 4 दिन पहले ही साफ सफाई के लिए अपने मायके से मकान पर आई थी। महिला के परिवार ने अनहोनी की आशंका जताई है। घटना कोटा के बोरखेड़ा थाना इलाके की है।

डॉक्टर डोली सुमन (37) बूंदी जिले के बरुधन कस्बे में आयुर्वेद डॉक्टर थीं। 5 साल पहले शादी हुई थी। दो साल पहले पति से तलाक हो गया था। साल भर पहले ही डॉक्टर ने बोरखेड़ा इलाके के उज्ज्वल विहार में मकान बनवाया था। पहली मंजिल पर किराएदार रख रखे हैं। रविवार रात को घर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। पड़ोसी उसको लेकर हॉस्पिटल पहुंचे।

डॉ डोली सुमन बूंदी जिले के बरुधन कस्बे में आयुर्वेद डॉक्टर थी।

मृतक की चचेरी बहिन प्रियंका ने बताया- डोली दीदी से शाम को सवा 7 बजे बात हुई थी। पिज्जा बनाने की रेसिपी को लेकर चर्चा हुई थी। उस समय नॉर्मल बात हुई थी। कुछ देर बाद पिता ने पौधे ले जाने की बात कहते हुए डोली दीदी को फोन करवाया। करीब 9 बजकर 50 मिनट पर थाने के ASI ने दीदी का फोन रिसीव किया। तब जाकर घटना का पता लगा।

चाचा हर्दिश कुमार सुमन ने बताया- डोली महीने के 20 दिन अपनी मां के घर रहती थी। 10 दिन अपने घर उज्ज्वल विहार में रहती थी। उसने अपने घर मे पौधे लगा रखे थे। उसके लिए कुछ पौधे लाया था। जो घर में पड़े सूख रहे थे। रात को बेटी प्रियंका से डोली को फोन लगवाकर पौधे ले जाने की बात कही थी। बेटी ने फोन लगाया तो डोली की मौत की सूचना मिली।

हर्दिश ने बताया- डोली बोल्ड लेडी थी। वो सुसाइड नहीं कर सकती। उसकी हत्या हुई है। उसके पैर जमीन पर टिके हुए थे, वहां कोई स्टूल नहीं था। ऐसा लगता है किसी ने रस्सी से गला दबाकर हत्या की हो। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है।

Click to listen highlighted text!