Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Friday, September 20

जापान के पूर्व PM आबे की हत्या: इलेक्शन कैंपेन में पूर्व सैनिक ने पीछे से गोली मारी, 6 घंटे बाद निधन; भारत में राजकीय शोक

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की शुक्रवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। आबे नारा शहर में इलेक्शन कैंपेन के दौरान स्पीच दे रहे थे। 42 साल के हमलावर ने पीछे से फायरिंग की। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी का नाम यामागामी तेत्सुया है और वो आबे की नीतियों से नाखुश था।

2 गोलियां लगने के फौरन बाद आबे गिर पड़े। उन्हें हेलिकॉप्टर से नारा मेडिकल यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया। 6 घंटे तक मेडिकल टीम ने उन्हें बचाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान आबे को दिल का दौरा भी पड़ा। घटना भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजे (जापान के समय के मुताबिक सुबह 11.30) की है।

मोदी बोले- पूरा भारत शोक में डूबा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आबे के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। मोदी ने एक ट्वीट में कहा- भारत और जापान के रिश्तों और ग्लोबल पार्टनरशिप में आबे की अहम भूमिका रही। आज पूरे भारत में शोक है। इस मुश्किल वक्त में हम पूरी ताकत के साथ अपने जापानी भाई-बहनों के साथ खड़े हैं। उन्होंने शिंजो के सम्मान में कल यानी 9 जुलाई को एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा भी की।

आबे पर फायरिंग उस वक्त की गई, जब वे चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान फायरिंग की आवाज आई और आबे गिर पड़े। शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा गया कि किसी ने उन्हें सीने पर गोली मारी।बाद में ये साफ हुआ कि उन पर पीछे से फायरिंग हुई।

हमलावर को गिरफ्तार किया गया
हमलावर यामागामी तेत्सुया को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से गन बरामद हुई है। ये किसी टीवी कैमरे की तरह नजर आती है। जापानी मीडिया के मुताबिक, हमलावर ने हैंडमेड गन का इस्तेमाल किया। वो मेरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स का मेंबर था।

दिल का दौरा भी पड़ा
जापानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोली लगने के बाद शिंजो को दिल का दौरा भी पड़ा। हालांकि, अभी इसके बारे में आधिकारिक बयान नहीं आया है। चश्मदीदों के मुताबिक, मौके पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी और आबे के शरीर से खून बहता दिखा।

स‌ड़क पर सभा कर रहे थे, हमले के बाद धुंआ दिखाई दिया
जापान में रविवार को उच्च सदन के चुनाव होने हैं। शिंजो इसके लिए कैंपेनिंग कर रहे थे। सड़क पर एक छोटी सी सभा थी, जिसमें 100 से ज्यादा लोग शामिल थे। जब आबे भाषण देने आए तो पीछे से एक हमलावर ने गोली चलाई। जो वीडियो सामने आ रहे हैं, उनमें हमले के बाद धुंआ दिखाई दिया। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई।

Click to listen highlighted text!