


अभिनव न्यूज।
चूरू: चूरू सदर थाना के गांव राणासर में शुक्रवार सुबह बिजली के शार्ट सर्किट से कमरे में आग लग गई। इससे कमरे में सो रही 30 वर्षीय विवाहिता बुरी तरह झुलस गई। उसे गंभीर झुलसी हालत में निजी वाहन से गवर्नमेंट डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया। विवाहिता की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद जयपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी से एएसआई गिरधारीलाल सैनी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने विवाहिता के पति से घटना की जानकारी ली। एएसआई सैनी ने बताया कि राणासर निवासी विक्रम ने बताया कि उसकी पत्नी रिंकू (30) शुक्रवार सुबह घर के कमरे में सो रही थी। कमरे में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। चिल्लाने पर पड़ोसियों ने आकर आग पर काबू पाया। उसे झुलसी हालत में निजी वाहन से गवर्नमेंट डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया।
विक्रम सिंह ने बताया कि घटना के समय वह मजदूरी करने गया हुआ था। उसकी पत्नी घर में अकेली थी, जो कमरे में सो रही थी। उन्होंने बताया कि उसकी शादी सात साल पहले हरियाणा के सोहांसरा गांव में हुई थी। इसके कोई बच्चे नहीं हैं। अस्पताल में डॉक्टर ने बताया कि विवाहिता 90 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गई है। हालत गंभीर होने के कारण उसे जयपुर रेफर किया गया है।
जलते चूल्हे पर गिरी बुजुर्ग महिला
जिले के दूधवाखारा थाना क्षेत्र के गांव सिरसली में शुक्रवार को घर में काम करते समय चक्कर आने से बुजुर्ग महिला जलते हुए चूल्हे पर गिर गई। इससे उसके हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए। महिला को बेटे और परिवार के लोगों ने झुलसी हालत में डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। जहां उसका इलाज किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी से एएसआई गिरधारीलाल सैनी और कॉन्स्टेबल अंकित शर्मा वार्ड में पहुंचे। जहां दोनों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। अस्पताल में झुलसी महिला के बेटे डेडराज ने बताया कि उसकी मां मनोहरी देवी (55) शुक्रवार को घर में काम कर रही थी। उस समय उसकी पत्नी गाय का दूध निकालने के लिए गई हुई थी।
तभी मां को चक्कर आ गया, जो घर के बरामदे में जल रहे चूल्हे पर गिर गई, जिससे उसका एक हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए। चिल्लाने पर वह दौड़कर कमरे से बाहर आया और मां के कपड़ों में लगी आग को बुझाया। गंभीर हालत में उसे निजी वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां महिला का इलाज किया गया।