Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Thursday, September 19

बीकानेर :दोस्तों के साथ घर लौट रहे युवक को बीच रास्ते में रोका, फायरिंग कर मारने की कोशिश

अभिनव न्यूज।
बीकानेर: बीकानेर में आए दिन अवैध हथियारों को जब्त किया जा रहा है,इसके बाद भी फायरिंग की घटनाएं नहीं थम रही है। पिछले कुछ दिनों में नयाशहर थाने में सबसे ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं, जहां बीती रात मुक्ता प्रसाद नगर एरिया में न सिर्फ फायर किया गया, बल्कि युवक पर गाड़ी चढ़ाकर मारने की कोशिश भी हुई।

नयाशहर पुलिस ने दोस्तों के साथ घर जा रहे युवक पर हमला करने पर पांच-सात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मुक्ताप्रसाद नगर के विराट शर्मा ने पुलिस काे बताया कि वह रात डेढ़ बजे वह दोस्त नरेश बिश्नोई व लक्की गहलोत के साथ घर जा रहा था। तभी रैकी कर रहे सीताराम कस्वां, अनिल बिश्नोई, महेंद्र बिश्नोई, मनरूप बिश्नोई, पवन सियाग, सिकंदर खान, सोनू भिश्ती, रिजवान खान व पांच-सात अन्य गाड़ियों में सवार होकर आए। बाइक के आगे गाड़ी लगाकर उन्हें रोक लिया। इतना नहीं गाड़ी चढ़ाकर उन्हें जान से मारने का प्रयास भी किया। बाद में आरोपियों ने लाठी व सरियों से हमला कर दिया। महेंद्र बिश्नोई व सीताराम कस्वां ने पिस्तौल से फायर किए। नरेश ने झुककर जान बचाई। शोर मचाने पर उनका साथी अनिल व दाे-तीन अन्य वहां अा गए। आरोपी नरेश काे जान से मारने की धमकी देकर माैके से फरार हाे गए।

जानलेवा हमले का एक सप्ताह में तीसरा केस

नयाशहर थानाक्षेत्र में आए दिन हाे रही वारदातों से एरिया के लाेग दहशत में है। अपराधियों में पुलिस का जरा भी डर नहीं है। एक सप्ताह में जानलेवा हमला का तीसरा केस सामने आया है। नौ अक्टूबर की रात में रिड़मलसर पुरोहितान के सहीराम पर भाटों के बास के समीप शेरूराम, राजेश उर्फ रजिया और आठ -दस अन्य न जानलेवा हमला कर डेढ़ लाख रुपए लूटे थे। हमले में सहीराम के गंभीर चोट आई थी। 15 अक्टूबर की सुबह पांच बजे घर से सब्जी मंडी जा रहे व्यापारी बरकतअली पर जानलेवा हमला कर 50 हजार रुपए छीनने की वारदात हुई थी। घटना काे लेकर पुलिस ने दाे नामजद समेत चार व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया। हमले में व्यापारी के गंभीर चोटें आने पर उन्हें पीबीएम में भर्ती करवाया गया है।

Click to listen highlighted text!