Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Friday, September 20

SOPU ग्रुप का सदस्य गिरफ्तार: सोशल मीडिया पर हथियारों की कर रहा था मार्केटिंग, अपराध की दे रहा था ट्रेनिंग

बीकानेर | पुलिस ने ऑपरेशन साइबर क्लीन के तहत एक और युवक को गिरफ्तार किया है। इस बार जिस युवक को गिरफ्तार किया है वो SOPU ग्रुप का सदस्य है और सोशल मीडिया पर हथियारों से संबंधित पोस्ट डालने का आरोप है। दरअसल, SOPU ग्रुप पर हथियारों की नुमाइश के साथ ही इन्हें चलाने के लिए उकसाया जाता है। पुलिस ऐसे ग्रुप्स से युवकों को दूर रखने का प्रयास कर रही है।

ये कार्रवाई नापासर पुलिस ने की है। गिरफ्तार युवक राजूराम जाट महज 21 साल का है। इंस्टाग्राम पर उसकी सक्रियता पर पुलिस की कई दिनों से नजर थी। वो आपराधिक प्रवृति के व्यक्तियों के ग्रुप SOPU Group का सदस्य था। हालांकि उसका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। उसने इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ पोस्ट भी शेयर की थी। पुलिस का आरोप है कि राजूराम हथियारों के साथ पोस्ट शेयर कर नवयुवकों को अपराध की ओर अग्रसर करने की कोशिश में था। ऐसे में थाना एरिया में शांति बनाए रखने के लिए उसे गिरफ्तार किया गया।

लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ा है ग्रुप

दरअसल, इंस्टाग्राम पर SOPU नाम से कुछ ग्रुप्स बने हुए हैं। इसमें लॉरेंस बिश्नोई खुद है या नहीं? इसकी पुष्टि नहीं हो रही लेकिन हर ग्रुप पर फोटो उसी का लगा हुआ है। इसी में युवक हथियारों के फोटो पोस्ट करते हैं। कुछ वीडियो भी पोस्ट किए गए हैं। इस ग्रुप में बीकानेर के अलावा जोधपुर व बाडमेर के युवक भी सदस्य बने हुए हैं। ऐसे ग्रुप्स से हजारों की संख्या में जुड़े युवक धीरे धीरे अपराधों की ओर बढ़ते चले जाते हैं। इसी सोच के साथ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

आईजी का है अभियान

बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश “ऑपरेशन साईबर क्लीन” अभियान को बहुत गंभीरता से चला रहे हैं। अब तक इस अभियान के तहत बीकानेर संभाग में करीब साढ़े तीन सौ युवकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तारी के दौरान युवकों काे समझाया जाता है कि वो इस तरह के अपराध में शामिल ना हों। नापासर में ये कार्रवाई थानाधिकारी जगदीश पांडार के नेतृत्व में की गई। टीम में हेड कांस्टेबल सहीराम, कांस्टेबल बलवान, सुरेन्द्र शामिल थे।

Click to listen highlighted text!