Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Friday, September 20

जयपुर में केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग: गैस सिलेंडर गोदाम को कराया खाली, 15 फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

जयपुर | में केमिकल फैक्ट्री में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। पास ही गैस सिलेंडर गोदाम होने से लोगों में दहशत के साथ हडकंप मच गया। आग की सूचना पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस और फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के साथ ही गोदाम से गैस सिलेंडरों को बाहर निकालकर दूर ले जाया गया। फायर बिग्रेड की 15 गाड़ियों ने 4-5 फेरे लगाकर करीब 6 घंटे में आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से तीन घरों की दीवारों में भी दरार आई है

CFO (हेरिटेज) देवेन्द्र मीना ने बताया कि गुर्जर घाटी के वार्ड नंबर-11 में केमिकल फैक्ट्री है। फैक्ट्री में पेंट बनाने और स्टोरेज का काम होता है। सुबह करीब 5:15 बजे अचानक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। केमिकल के ड्रमों में विस्फोट की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर आ गए। पेंट और केमिकल के आग पकड़ने से देखते ही देखते कुछ ही देर में आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग को लगे देखकर लोगों में हंगामा मच गया। फैक्ट्री से करीब 10 मीटर दूरी पर ही HP गैस सिलेंडर का गोदाम होने से हडकंप के साथ दहशत फैल गई। आग की सूचना पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस और फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची।

गैस सिलेंडर गोदाम को कराया खाली
ACP (आमेर) चंद्र सिंह रावत ने बताया कि फायर बिग्रेड की 15 दमकलें मौके पर पहुंची। दमकलों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। पास ही गैस सिलेंडर गोदाम को खोला गया। गोदाम में रखे करीब ढाई हजार गैस सिलेंडरों को बाहर निकाल कर दूर भिजवाया गया। 15 दमकलों ने कई फेरे लगाकर करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से फैक्ट्री के पास मौजूद तीन मकानों में दरारें आ गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, गैस सिलेंडर गोदाम पर आग पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस आग लगने के कारण का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Click to listen highlighted text!