Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Friday, September 20

मूसेवाला का मर्डर चश्मदीद की जुबानी: 7 हमलावरों में से एक ने सिद्धू को सामने से मारीं गोलियां..

अभिनव टाइम्स | पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को जिस जगह गोलियां मारी गईं वहां पूरी पड़ताल की। घटना के चश्मदीद प्रिंस से भी मुलाकात हुई। उन्होंने बताया कि वारदात शाम 5 से 5.30 बजे के बीच अंजाम दी गई। महज 2 मिनट में ही मूसेवाला को 30 गोलियां मारी गईं। सिर्फ 2 मिनट ही आरोपी मौके पर रुके थे।

दो गाड़ियां आती हैं, एक बोलेरो और दूसरी लंबी वाली कार थी। दोनों गाड़ियां मूसेवाला की थार को ओवरटेक करती हैं। मूसेवाला जैसे ही अपनी कार को संभालते हैं दोनों कारों से 7 युवक उतरते हैं और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगते हैं। फायरिंग करते हुए वे 1 से 2 मिनट तक मौके पर रुकते हैं, फिर फरार हो जाते हैं।

पहली गोली थार के पिछले टायर में लगी
प्रिंस ने बताया कि आरोपी पहली गोली मूसेवाला की गाड़ी के पिछले टायर पर मारते हैं। इससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ जाता है। इतने में आरोपी ओवरटेक करके गाड़ी से उतरकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर देते हैं। मूसेवाला और उसके दो दोस्तों को संभलने का मौका तक नहीं मिलता। गोलियों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर आते हैं, लेकिन हमलावरों की ललकार सुनकर घरों में वापस घुस जाते हैं।

घटनास्थल पर हुए करीब 30 फायर
प्रत्यशदर्शी प्रिंस ने बताया कि हमलावरों ने गोलियां इस तरह से चलाईं, जैसे वे सोच कर ही आए थे कि आज मूसेवाला को खत्म करके ही जाना है। हमलावरों ने करीब 30 फायर किए। प्रिंस के मुताबिक, उसने और उसके दोस्त ने मौके से गोलियों के खोल तलाशने में पुलिस की मदद की।

दीवारों पर अभी भी लगा मूसेवाला का खून
गांव जवाहर की उस गली में दीवारों पर अभी भी मूसेवाला का खून लगा है और गोलियों के निशान हैं, जहां हत्या की गई। गांव के किसी व्यक्ति ने मूसेवाला को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाने का प्रयास नहीं किया। कोई निकलकर बाहर नहीं आया। एक अनजान शख्स ने अपनी मोटर साइकिल पर मूसेवाला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।

एक घंटे बाद मौके पर पहुंची थी पुलिस
चश्मदीद प्रिंस के मुताबिक, पूरी दुनिया में पता चल गया कि मूसेवाला की हत्या हो गई। इसके बाद मानसा पुलिस मौके पर पहुंची। घटना से करीब एक घंटे बाद पुलिस आई। प्रिंस का कहना है कि अगर पुलिस तुरंत एक्टिव हो जाती तो शायद आरोपी मानसा से बाहर नहीं जा पाते।

चेक कमीज पहने युवक ने चलाई थी गोलियां
प्रिंस ने बताया कि चेक कमीज पहने एक युवक था, जिसके पास AK 47 थी। उस युवक ने मूसेवाला पर गोलियां चलाई थीं। बाकी 6 युवकों ने इधर-उधर गोलियां चलाकर उसे कवर दिया और दहशत फैलाने का काम किया। एक युवक घटनास्थल पर वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था तो हमलावरों ने उस युवक पर भी गोलियां चलाईं। डरकर वह युवक मौके से भाग गया।

मां पूछती है शुभदीप कब आएगा? क्या जवाब दूं

सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने सीएम भगवंत मान को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि आपकी सरकार की नाकामियों से मेरे बेटे की हत्या हुई। मूसेवाला की मां मुझे पूछती है कि शुभदीप कहां है?, वह घर कब आएगा?। मैं उसे क्या जवाब दूं। मैं उम्मीद करता हूं कि मुझे इंसाफ मिलेगा।

मानसा में 1 IG और 2 SSP तैनात

मानसा में तनावपूर्ण माहौल के बीच कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पंजाब पुलिस के बठिंडा रेंज के IG पीके यादव, मानसा SSP गौरव तूरा और बठिंडा के SSP जे. एलेनचेजियन को मानसा में ही कैंप करवा दिया गया है। मूसेवाला की रविवार शाम साढ़े 5 बजे ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। एक दिन पहले ही पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने उनकी सिक्योरिटी वापस ली थी।

लॉरेंस और बंबीहा गैंग आमने-सामने, गैंगवार की आशंका बढ़ी
मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब में गैंगवार की आशंका बढ़ गई है। मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस गैंग ने ली है। लॉरेंस गैंग और उनके साथी कनाडा के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने कहा कि हमने मोहाली में कत्ल किए विक्की मिड्‌डूखेड़ा की हत्या का बदला लिया है। वहीं अब गैंगस्टर दविंदर बंबीहा गैंग भी सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि मूसेवाला उनसे नहीं जुड़ा था। फिर भी उसका नाम हमारे साथ जोड़ा जा रहा है। इसलिए वह इसका बदला लेंगे।

जेलों में दोनों के गैंगस्टर अलग किए गए
इस धमकी को देखते हुए पंजाब की जेलों में लॉरेंस गैंग के बंदियों को अलग कर दिया गया है। जहां-जहां इस गैंग के मेंबर हैं, वहां सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। बंबीहा गैंग के मेंबर भी जेलों में बंद हैं। उन्हें भी अलग कर दिया गया है। दोनों गैंग आपस में न भिड़ें, इसको लेकर सभी जेलों में हाई अलर्ट कर दिया गया है।

पंजाब पुलिस ने SIT बनाई
पंजाब पुलिस ने मूसेवाला की हत्या की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बना दी है। जिसमें मानसा के SP (इन्वेस्टिगेशन) धर्मवीर सिंह, DSP (इनवेस्टिगेशन) बठिंडा विश्वजीत सिंह और मानसा के CIA इंचार्ज प्रिथीपाल सिंह शामिल हैं।

बुलेट प्रूफ फॉर्च्यूनर घर छोड़ जीप लेकर निकले थे पंजाबी सिंगर

इस बीच यह अहम बात भी सामने आई है कि मूसेवाला घर से अपनी निजी बुलेट प्रूफ फॉर्च्यूनर लेकर निकलने वाले थे। इसे उन्होंने बाहर भी निकाल लिया था। हालांकि, फिर उसे घर के अंदर खड़ी कर थार निकाल ली। मूसेवाला ने ऐसा क्यों किया?, इसको लेकर भी पुलिस जांच में जुट गई है।

DGP बोले- गनमैन और बुलेट प्रूफ गाड़ी नहीं ले गए मूसेवाला
DGP वीके भावरा ने कहा कि मूसेवाला साढ़े 4 बजे घर से निकले। साढ़े 5 बजे वह खुद थार चलाकर जा रहे थे। उनके साथ 2 लोग थे। इनके पीछे एक गाड़ी थी और 2 गाड़ियां सामने से आईं। उन्हें गोलियां मारी गईं। अस्पताल पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी। मौके से 3 तरह के हथियार के खोल मिले हैं। इस दौरान 30 से ज्यादा फायर हुए।

DGP ने कहा कि मूसेवाला के पास पंजाब पुलिस के 4 कमांडोज हैं। घल्लूघारा दिवस की वजह से उनके 2 कमांडो वापस लिए गए थे। 2 कमांडो उनके पास थे। जब वह गए तो कमांडो को साथ नहीं ले गए। कमांडो को कहा कि उन्हें साथ आने की जरूरत नहीं है। मूसेवाला के पास प्राइवेट बुलेट प्रूफ गाड़ी थी, उसे भी वे नहीं ले गए।

CM भगवंत मान के आदेश पर स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई जा रही है। इसके लिए रेंज के IG को कह दिया गया है। यह मामला गैंगवार का है। सिद्धू मूसेवाला के मैनेजर शगनप्रीत का नाम मोहाली में हुए विक्की मिड्‌डूखेड़ा के मर्डर में आया था। शगनप्रीत ऑस्ट्रेलिया में है। उसका बदला लेने के लिए लॉरेंस गैंग ने यह मर्डर करवाया है। इसकी जिम्मेदारी कनाडा बैठे गैंगस्टर ने ले ली है।

11 जून को था बर्थडे
सिद्धू मूसेवाला का 11 जून को बर्थडे था। इससे पहले ही उनकी हत्या हो गई। मूसेवाला 1993 में जन्मे थे। अभी वह अविवाहित थे। मूसेवाला अक्सर अपने गीतों से विवादों में रहे। उन पर गन कल्चर को बढ़ावा देने का आरोप था। इसके बावजूद उनकी फैन फॉलोइंग बहुत ज्यादा थी। उन्होंने इस बार चुनाव भी लड़ा था, हालांकि वह मानसा से हार गए।

Click to listen highlighted text!