Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Friday, September 20

नए साल में छह जनवरी को होगी नगर निगम की साधारण सभा, कर्मचारियों की नियुक्ति सहित अनेक मुद्दों पर चर्चा

अभिनव न्यूज।
बीकानेर:
बीकानेर नगर निगम की साधारण सभा की बैठक अब छह जनवरी को होने वाली है। निगम प्रशासन ने बैठक के लिए एजेंडा तय कर दिया है। साधारण सभा में केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला व बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी को भी आमंत्रित किया गया है। इस साधारण सभा में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति सहित अनेक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। मेयर सुशीला कंवर राजपुरोहित भी निगम साधारण सभा को लेकर तैयारियों में जुट गई है।

नगर निगम आयुक्त अरुण शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। साधारण सभा के एजेंडा में नगर निगम में अनुकंपा नियुक्ति और सीधी भर्ती से नियुक्ति का अनुमोदन किया जाएगा। इसके साथ ही छह बार हुई पदोन्नति का भी अनुमोदन होगा। वहीं नौरंगलाल नामक कनिष्ठ सहायक के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति देने अथवा नहीं देने के मुद्दे पर भी इस दौरान बहस होनी है। बहस के अन्य मुद्दों में सोलह सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों में समायोजित करने, समस्त वार्डों में क्षेत्रफल व जनसंख्या के आधार पर सफाई कर्मचारियों के पद देने, कांता खतुरिया कॉलोनी में ऑडिटोरियम व लाइब्रेरी बनाने पर चर्चा होगी। इसके अलावा कचरा उठाने के लिए की गई व्यवस्था में आवासीय दरों में संशोधन करने का मुद्दा भी उठेगा।

सिर्फ हंगामा होता है

नगर निगम की अब तक हुई साधारण सभा में किसी तरह की कोई चर्चा नहीं देखी गई, अलबत्ता इन बैठकों में हंगामा होता है। सत्ता और विपक्ष के पार्षद नगर निगम में एकदूसरे पर आरोप लगाने के अलावा कोई गंभीर बहस नहीं करते। पिछली बार भी वेटरनरी कॉलेज ऑडिटोरियम में मीटिंग हुई थी। तब भी सिर्फ हंगामा हुआ।

Click to listen highlighted text!