Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Friday, September 20

अफेयर से नाराज लोगों ने किडनैप कर नाक काटा: किराए पर खेती के दौरान हुआ प्यार

अभिनव न्यूज।
जोधपुर: दीपावली मनाने मुंबई से जोधपुर अपने गांव जा रहे युवक को किडनैप कर नाक काटने की कोशिश की गई। गुरुवार को चार लोगों ने ओसियां के पास से युवक को किडनैप कर लिया था। हालांकि नाक अलग नहीं हुआ, लेकिन बड़ा कट लग गया।

पुलिस ने पीछा किया तो अपहरणकर्ता इस युवक को तिंवरी के समीप घेवड़ा में सड़क किनारे उतार कर भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। ​​​​​​​ओसियां के समीप स्थित धुंदाड़िया गांव निवासी गैनाराम मेघवाल मुंबई में काम करता है।

घर पर दीपावली मनाने के लिए आज वह ट्रेन से ओसियां पहुंचा और वहां से निकट स्थित अपने गांव धुंदाड़िया जा रहा था। इस दौरान एक बोलेरो कैंपर में सवार होकर आए चार लोगों ने उसे रोक लिया। मारपीट कर वे उसे उठा कर बोलेरो में अपने साथ ले गए। युवक के अपहरण की जानकारी मिलने पर पुलिस भी सतर्क हो गई और उनका पीछा करना शुरू किया। बोलेरो के तिंवरी की तरफ जाने का पता चलने पर ओसियां पुलिस ने तिंवरी में पुलिस को सूचित किया।

तिंवरी चौकी प्रभारी राजूराम विश्नोई ने बताया कि सूचना मिलने पर हमने हाथों हाथ घेवड़ा के समीप नाकेबंदी कराई। थोड़ी देर में सामने से बोलेरो आते हुई नजर आई। पुलिस की नाकाबंदी को देख अपहरणकर्ताओं ने अपनी बोलेरो को काफी पहले रोका और गैनाराम को नीचे उतार भाग निकले। गैनाराम को नीचे उतारने से पूर्व अपहणकर्ताओं ने चलती हुई बोलेरो में उसका नाक काटने का प्रयास किया। धारदार हथियार से नाक पर वार किया गया। इस कारण बड़ा कट लग गया, लेकिन नाक का हिस्सा कट कर अलग नहीं हो पाया। गैनाराम को पुलिस पहले तिंवरी लेकर आई। बाद में ओसियां पुलिस उसे अपने साथ ले गई। अपहरण के कारण गैनाराम काफी घबरा गया और कुछ भी बता पाने की स्थिति में नहीं था।

इस मामले की जांच कर रहे डिप्टी एसपी नूर मोहम्मद ने बताया कि गैनाराम का कहना है कि सात-आठ माह पूर्व वह सांवरिज गांव में किसी का खेत किराए पर लेकर खेती कर रहा था। बाद में विवाद होने पर मैने काम छोड़ दिया और मजदूरी करने मुंबई चला गया। उसका कहना है कि वह तीन लोगों को अच्छी तरह से जानता है। चौथे के बारे में उसे पता नहीं है। पुलिस उससे मिली जानकारी के आधार पर अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी है। फिलहाल मामला दर्ज कर पुलिस ने गैनाराम को इलाज के लिए जोधपुर रवाना किया है।

प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला

वहीं बताया जा रहा है कि यह प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला है। किराए पर खेती करने के दौरान उसका किसी लड़की के साथ प्यार परवान चढ़ने लगा। लड़की के परिजनों को इसकी भनक लग गई। इसके बाद गैनाराम वहां से भाग निकला और मुंबई चला गया। लड़की के परिजन उसके वापस आने का इंतजार कर रहे थे। आज उसके आने की भनक उन्हें पहले से लग चुकी थी। ऐसे में वे ओसियां स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही गैनाराम के पीछे लग गए। मौका मिलते ही वे गैनाराम को उठा ले गए और नाक काटने का प्रयास किया। बाद में पुलिस को सामने खड़ी देख सड़क पर उतार कर भाग निकले।

Click to listen highlighted text!