Welcome to Abhinav Times   Click to listen highlighted text! Welcome to Abhinav Times
Friday, September 20

जयपुर में घर के अंदर मिली बैंक मैनेजर की लाश:मुंह से निकल रहे थे झाग, परिवार के लोग गए थे गुरुग्राम

अभिनव न्यूज।
जयपुर: बैंक मैनेजर की लाश उसी के घर में मिली है। मुंह से झाग निकल रहे थे। सबसे पहले इसकी जानकारी नौकरानी को हुई। उसके बाद गार्ड पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा गया। बेड पर शव पड़ा था। घर बाकी सदस्य गुरुग्राम गए थे। घटना के समय वह अकेले थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने दावा किया कि हार्ट अटैक से मैनेजर की मौत हुई है। मामला जयपुर के प्रताप नगर का है।

घर में अकेले थे
प्रताप नगर थाने के SI मुकेश कुमार ने बताया कि निखिल जैन (45) पुत्र एन.आर.जैन प्रताप नगर के सेक्टर-67 में रहते थे। वे प्राइवेट बैंक में मैनेजर थे। निखिल का पत्नी से तलाक हो गया था। वह अपने मम्मी-पापा और भाई के साथ यहां रहते थे। उनके पिता एन.आर.जैन की डायलाइसिस होनी है। इस कारण वह गुरुग्राम स्थित वेदांता हॉस्पिटल में भर्ती हैं। पिता की देखरेख के लिए निखिल की मम्मी कल्पना जैन और भाई नितिन जैन भी वहीं हॉस्पिटल में हैं। वह पिछले एक सप्ताह से घर में अकेले थे।

गेट तोड़कर घुसी पुलिस
10 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे उसे पड़ोसियों ने देखा था। मंगलवार सुबह खाना बनाने और साफ-सफाई करने वाली महिलाएं आई थीं। डोर बेल बजाने के साथ काफी आवाजा लगाई। फिर भी गेट नहीं खुला। रोज सुबह करीब साढ़े दस बजे तक गार्ड भी आ जाता था। मंगलवार को भी ऐसा ही हुआ। निखिल जब तक ऑफिस रहते थे, तब तक गार्ड घर पर रहता था। सिक्योरिटी ने भी काफी आवाज लगाई। गेट खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। किसी अनहोनी की आशंका में फौरन पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस गेट तोड़कर अंदर घुसी।

बेड पर पड़ा था शव
घर के अंदर जाने पर एक कमरे में बेड पर निखिल का शव पड़ा था। उसने चप्पल पहन रखी थी और पैर जमीन पर टच थे। बेड पर काफी सामान बिखरा हुआ मिला। निखिल के मुंह से झाग निकल रहे थे। पुलिस ने तुरंत सिटी FSL टीम को मौके पर बुलाया। वहां से सबूत जुटाए गए। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से शव को महात्मा गांधी हॉस्पिटल भिजवाया। SI मुकेश कुमार ने दावा किया कि मौत हार्ट अटैक से हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में किसी भी तरह के जहर की पुष्टि नहीं हुई है। निखिल को बीपी, शुगर आदि बीमारियां थीं। शव के पास बेड पर दवाएं पड़ी मिली हैं।

Click to listen highlighted text!